महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बदलापुर के पास मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार BMW कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। डिवाइडर से टकराने के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि BMW का इंजन कार से अलग होकर करीब 30 मीटर दूर जा गिरा। मृतकों की पहचान 26 वर्षीय योगेश नेगी और 24 वर्षीय रेबेका जैकब के रूप में हुई है। दोनों मुंबई के बांद्रा इलाके के रहने वाले थे। घायल कार चालक अंगद का इलाज कल्याण के फोर्टिस अस्पताल में चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि कार अत्यधिक तेज रफ्तार में चलाई जा रही थी। मृतक योगेश नेगी के सोशल मीडिया अकाउंट की जांच में एक वीडियो मिला है, जिसमें हादसे से कुछ समय पहले कार को करीब 250 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाते हुए रिकॉर्ड किया गया था। पुलिस इस वीडियो की भी जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम तीनों दोस्त बदलापुर में योगेश नेगी का जन्मदिन मनाने पहुंचे थे। पार्टी के बाद वे एक्सप्रेसवे से लौट रहे थे। पुलिस को मौके से करीब 9,000 रुपये का होटल बिल भी मिला है, जिससे उनके बर्थडे सेलिब्रेशन की पुष्टि हुई है।
जांच में सामने आया है कि एक्सप्रेसवे पर लगाए गए कंक्रीट बैरिकेड से बचने की कोशिश के दौरान चालक कार से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार के कारण कार डिवाइडर से टकरा गई और उछलकर डिवाइडर के दो हिस्सों के बीच जाकर फंस गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से पहले कार दो से तीन बार बेहद तेज गति से सड़क पर दौड़ती दिखाई दी। तीसरी बार अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। जब लोग मौके पर पहुंचे तो कार पूरी तरह चकनाचूर हो चुकी थी। एक युवती काफी दूर जा गिरी थी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाना और स्टंटबाजी हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से सड़क पर गति सीमा का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की है।
