उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज सेक्टर-डी स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में सोमवार को भीषण आग लग गई। आग लगते ही कोचिंग सेंटर में अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए कई छात्र पहली मंजिल से नीचे कूद गए। हादसे में कई लोगों के झुलसने की सूचना है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से फैलने लगी, जिससे कोचिंग सेंटर के अंदर मौजूद छात्र-छात्राओं में भगदड़ मच गई। धुएं और लपटों से बचने के लिए कुछ छात्रों ने पहली मंजिल से छलांग लगा दी। इस दौरान एक छात्र नीचे लगी लोहे की ग्रिल पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने समय रहते कई छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। फायर विभाग और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
