मध्य प्रदेश और झारखंड में आंधी, तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में कुल 16 लोगों की मौत हो गई। मध्य प्रदेश के बालाघाट में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की जान चली गई, जबकि देवास में बारिश के दौरान मकान की बालकनी गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई। झारखंड में बिजली गिरने से 10 लोगों और छत्तीसगढ़ में दो लोगों की मौत की खबर है।
इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के 22 राज्यों तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार 5 जुलाई तक मानसून शेष राज्यों को भी कवर कर सकता है। उत्तर प्रदेश में मानसून इस बार सामान्य से करीब आठ दिन की देरी से पहुंच रहा है। पिछले 15 दिनों से बिहार सीमा पर रुका मानसून अगले दो दिनों में प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।
हालांकि मानसून की दस्तक के बावजूद देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर बना हुआ है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और गुजरात के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। हरियाणा के रोहतक में सबसे अधिक 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने 28 और 29 जून के लिए कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी का अलर्ट जारी किया है। असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तेलंगाना, गोवा, कर्नाटक, ओडिशा, छत्तीसगढ़, केरल और तमिलनाडु में भारी वर्षा की संभावना है। वहीं बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और ओडिशा समेत कई राज्यों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दूसरी ओर, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति भी बनी रहने की संभावना है।
