केरल के तिरुवनंतपुरम में पत्नी की हत्या के आरोप में फरार चल रहे 46 वर्षीय सुरेश का शव तमिलनाडु के एक रेलवे ट्रैक पर मिला है। पुलिस को आशंका है कि उसने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की है।
सुरेश पर आरोप था कि उसने बुधवार तड़के मन्नंथला इलाके में स्थित किराए के मकान में अपनी 36 वर्षीय पत्नी हसीना का गला रेतकर हत्या कर दी थी। बताया जा रहा है कि यह वारदात उनकी बेटी के सामने हुई थी।
हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान पता चला कि उसने अपना मोबाइल फोन किल्लीपालम इलाके में छोड़ दिया था और कार बलरामपुरम में खड़ी कर ट्रेन से तमिलनाडु चला गया था।
परिजनों के अनुसार, हत्या के बाद सुरेश ने अपनी बेटी को फोन कर कहा था कि वह भी अपनी जान देने जा रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था। हसीना कुछ दिनों से घर से बाहर रह रही थी और मंगलवार को वापस लौटी थी। उसी दिन दोनों को पुलिस स्टेशन बुलाकर काउंसलिंग भी की गई थी, लेकिन घर लौटने के बाद विवाद फिर बढ़ गया।
बुधवार सुबह विवाद हिंसक हो गया और सुरेश ने कथित तौर पर हसीना की हत्या कर दी। घटना की प्रत्यक्षदर्शी उनकी बड़ी बेटी अमृता सुरेश ने पुलिस को सूचना दी थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हत्या में इस्तेमाल हथियार को धोकर घर से फरार हो गया था। अब पुलिस हत्या और आरोपी की मौत, दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
