देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। करीब तीन दिन की देरी के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गोवा में दस्तक दे दी है, जबकि केरल में अगले 24 घंटों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, केरल के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण जलभराव और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। वायनाड और कासरगोड समेत कई इलाकों में एहतियात के तौर पर स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।
आईएमडी का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में मानसून पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों जैसे असम, मेघालय, त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों तक पहुंच सकता है। वहीं अगले 10 दिनों में इसके बिहार, झारखंड और ओडिशा तक पहुंचने की संभावना है।
देश के अधिकांश राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में बारिश और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को मानसून के लिए अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में मानसून जून के आखिरी सप्ताह तक पहुंच सकता है। इसी दौरान हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में भी मानसून आगे बढ़ने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में मानसून की रफ्तार और तेज हो सकती है, जिससे देश के कई हिस्सों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
