देश में मानसून की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी शाखा बिहार पहुंच गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में मानसून के झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और उत्तर प्रदेश तक पहुंचने की संभावना है। 4 जून को केरल में प्रवेश करने के बाद मानसून मात्र आठ दिनों में 17 राज्यों तक पहुंच चुका है।
इधर, गुरुवार देर रात दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली। तेज हवाओं और मौसम में बदलाव के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
बिहार के 12 जिलों में गुरुवार को आंधी और बारिश का असर देखने को मिला। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं गुजरात को छोड़कर देश के अधिकांश राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय बनी हुई हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पंजाब सहित 22 राज्यों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है, जबकि कोंकण और गोवा क्षेत्र में उमस भरा मौसम बना रह सकता है। कर्नाटक और केरल के तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना है।
दूसरी ओर तेलंगाना, विदर्भ और आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
इस बीच अमेरिकी मौसम एजेंसी NOAA ने अल नीनो की स्थिति बनने की पुष्टि की है। वैज्ञानिकों के अनुसार प्रशांत महासागर के गर्म होने से अल नीनो विकसित हो चुका है और इसके इस वर्ष के अंत तक अत्यधिक प्रभावी होने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पिछले दशकों के सबसे शक्तिशाली अल नीनो घटनाक्रमों में शामिल हो सकता है।
बारिश और आंधी के बावजूद उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना और हरियाणा के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। पंजाब के बठिंडा में देश का सर्वाधिक तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 13 और 14 जून को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। कई इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
