इंदौर जंक्शन के पुनर्विकास की तैयारी तेज, जल्द लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन से संचालित होंगी ट्रेनें
इंदौर के लाखों रेल यात्रियों के लिए जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इंदौर जंक्शन के पुनर्विकास और अत्याधुनिक स्टेशन निर्माण परियोजना को गति देने के लिए रेलवे प्रशासन ट्रेनों का संचालन चरणबद्ध तरीके से लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन से शुरू करने की तैयारी कर रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे इस मेगा प्रोजेक्ट का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन की नई भवन संरचना का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। स्टेशन पर टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, यात्री सुविधाएं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि संचालन शुरू होने के बाद यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में इंदौर यार्ड क्षेत्र में नॉन-इंटरलॉकिंग सहित कई महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य जारी हैं। इसके लिए मेजर ब्लॉक लिया गया है और इसी कारण कुछ ट्रेनों को अस्थायी रूप से निरस्त या प्रभावित किया गया था। इस दौरान ट्रैक सर्किट, सिग्नलिंग सिस्टम और कंप्यूटर आधारित ऑपरेशन कंट्रोल सिस्टम को नए स्टेशन परिसर में स्थानांतरित किया जा रहा है।
पूरे शिफ्टिंग और तकनीकी कार्य की निगरानी रेलवे के जोनल और मंडल स्तर के वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं। रेलवे प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा मानकों और तकनीकी प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन करते हुए यह कार्य संपन्न किया जा रहा है ताकि संचालन के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए।
तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन से शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद इंदौर जंक्शन के पुनर्विकास और आधुनिक स्टेशन निर्माण कार्य को और तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन और प्रस्थान स्टेशन की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
