गुजरात के मोरबी-हलवद हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे रणछोड़गढ़ गांव को शोक में डुबो दिया। एक घायल युवक की जान बचाने के लिए अस्पताल की ओर दौड़ रही कार तेज रफ्तार डंपर से टकरा गई, जिसमें एक ही गांव के पांच युवकों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रणछोड़गढ़ गांव निवासी 24 वर्षीय परेश दहैया बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल इलाज के लिए कुछ ग्रामीण कार में अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान चरड़वा गांव के पास एक फैक्ट्री से निकल रहे डंपर से कार की भीषण टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार डंपर के नीचे घुस गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दो घायलों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने जेसीबी मशीन और अन्य संसाधनों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतकों की पहचान सुरेश सिहोरा, वीरम दहैया, परेश दहैया, प्रेमजी दहैया और भरत दहैया के रूप में हुई है। वहीं प्रकाश दहैया और दिलीप दहैया गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक घायल युवक की जान बचाने निकले पांच युवकों की मौत से पूरे गांव और इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
